लखनऊ, 9 नवम्बर। शहज़ादी हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) की शहादत के सिलसिले में लखनऊ के रुस्तम नगर स्थित रौज़ा-ए-फ़ातमैन में 4 से 8 नवंबर 2026 तक पाँच दिवसीय मजलिस-ए-फ़ातिमिया व ख़म्सा-ए-मर्सिया ख़्वानी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रतिदिन रात्रि 8:30 बजे आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न दिनों में पाँच मर्सिया ख़्वानों ने अपने कलाम के ज़रिये शहज़ादी फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) को पुरसा पेश किया।
कार्यक्रम में मर्सिया ख़्वानी की शुरुआत 4 नवंबर को जनाब तस्वीर रिज़वी साहब ने की। इसके बाद 5 नवंबर को जनाब ज़मान हैदर साहब ने दूसरी, 6 नवंबर को जनाब औन रिज़वी साहब ने तीसरी, 7 नवंबर को जनाब क़ाज़ी असद साहब ने चौथी और 8 नवंबर को जनाब फ़ैज़ बाक़र साहब ने पाँचवीं एवं अंतिम मजलिस में मर्सिया ख़्वानी की।
इस पाँच दिवसीय आयोजन का आयोजन इदारा-ए-तहफ़्फ़ुज़-ए-मर्सिया ख़्वानी एवं तंज़ीम-ए-फ़रोग़-ए-मर्सिया ख़्वानी, लखनऊ की ओर से किया गया।
कार्यक्रम के समापन के अवसर पर आयोजक संस्था की ओर से जारी संदेश में आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले तमाम अरकान-ए-इदारा, उलमा-ए-किराम, ज़ाकिरीन-ए-एहतराम, शुअरा और मोमिनीन का शुक्रिया अदा किया गया। साथ ही उन तमाम लोगों का भी आभार व्यक्त किया गया जिन्होंने कार्यक्रम में शिरकत कर इमाम-ए-अस्र (अ.स.) को उनकी जद्दा-ए-अमजदा हज़रत फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) का पुरसा पेश किया और ख़म्सा-ए-मर्सिया ख़्वानी में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
आयोजक संस्था ने सभी मर्सिया ख़्वानों, ज़ाकिरीन और शिरकत करने वाले मोमिनीन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता और सहयोग से यह मजलिसी कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।






