सोमवार, 9 नवंबर 2026
विज्ञापन
ब्रेकिंग
शहर

लखनऊ में उर्दू अदब की नई पीढ़ी को मंच दे रही ‘बज़्म-ए- जवानान-ए-अदब’, मुसालमा- ए – फातिमिया का आयोजन 15 नवंबर को

WhatsApp X Telegram
लखनऊ में उर्दू अदब की नई पीढ़ी को मंच दे रही ‘बज़्म-ए- जवानान-ए-अदब’, मुसालमा- ए – फातिमिया का आयोजन 15 नवंबर को

लखनऊ। दुनिया भर में तहज़ीब के नाम से पहचान रखने वाला लखनऊ शहर आज भी अपनी उर्दू ज़बान, शायरी और अदबी रवायतों की वजह से अलग मुकाम रखता है। यहां की ज़बान में जो मिठास, बातचीत में जो नफ़ासत और शायरी में जो चाशनी दिखाई देती है, वह लखनऊ की सदियों पुरानी अदबी विरासत का हिस्सा है। यही वजह है कि लखनऊ को उर्दू अदब और ख़ास तौर पर शायरी का एक बड़ा मरकज़ माना जाता है।

हालांकि उर्दू अदब की पहचान सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं है। हैदराबाद और दिल्ली समेत देश के कई शहरों ने भी उर्दू ज़बान, शायरी और साहित्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। मगर लखनऊ की अपनी एक अलग पहचान है। यहां मर्सिया, सलाम, नौहा, मनक़बत, क़सीदा, ग़ज़ल और मुशायरों की रवायत ने उर्दू ज़बान को हमेशा ज़िंदा रखने का काम किया है।

विज्ञापन

इसी अदबी विरासत को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी के नौजवानों को शायरी के लिए एक मंच उपलब्ध कराने की कोशिश में बज़्म-ए-जवानान-ए-अदब अपनी भूमिका निभा रही है। नौजवानों की यह अदबी तंजीम धार्मिक और अदबी मौकों पर महफ़िलों का आयोजन करती है। ख़ास तौर पर अहलेबैत की विलादत के मौकों पर महफ़िल-ए-मक़ासिदा और शहादत के मौकों पर मजलिस व महफ़िल-ए-मुसालमा के ज़रिये ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश किया जाता है।

इस तंजीम की एक खास पहल ये भी है कि ये फिलबदी नशिष्तें भी8 करती है। इसमें कमेटी के नौजवान सदस्यों के अलावा शायरी का शौक़ रखने वाले दूसरे शायरों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाता है। इस दौरान एक मिसरा-ए-तरह दिया जाता है, जिस पर शायरों को निर्धारित समय में अपने अशआर तैयार करने होते हैं। इसके बाद शायर अपने कलाम पेश करते हैं और महफ़िल में मौजूद लोग उन्हें सुनकर दाद और तहसीन से नवाज़ते हैं। इस तरह नौजवानों को न सिर्फ़ शायरी का अभ्यास करने का अवसर मिलता है, बल्कि उर्दू अदब की महफ़िलों से जुड़ने और अपनी पहचान बनाने का रास्ता भी मिलता है।

इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए बज़्म-ए-जवानान-ए-अदब की ओर से हज़रत फ़ातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा की शहादत के मौक़े पर ‘मुसालमा-ए-फ़ातिमिया’ का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज कमेटी के सदस्यों ने अपने ओहदेदारान के साथ एक बैठक की। बैठक में कार्यक्रम को बेहतर और पुरवक़ार अंदाज़ में आयोजित करने, शायरों की भागीदारी बढ़ाने और लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने जैसे पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में बज़्म के सरपरस्त और मशहूर शायर जनाब सुल्तान सुरूर साहब की सरपरस्ती में कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा हुई। कमेटी का मक़सद है कि इस प्रोग्राम के ज़रिये हज़रत फ़ातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा की शख़्सियत, उनके किरदार और उनकी अज़मत को अदबी अंदाज़ में ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश किया जाए तथा नौजवान शायरों को अपनी फ़िक्र और फ़न के इज़हार का अवसर मिले।

लखनऊ में उर्दू अदब की नई पीढ़ी को मंच दे रही ‘बज़्म-ए- जवानान-ए-अदब’, मुसालमा- ए – फातिमिया का आयोजन 15 नवंबर को

हज़रत फ़ातिमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा रसूल-ए-अकरम हज़रत मोहम्मद मुस्तफ़ा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की इकलौती साहबज़ादी थीं। आपसे रसूल-ए-

अकरम को बेहद मोहब्बत थी और आपकी अज़मत इस्लामी इतिहास में एक बुलंद मुकाम रखती है। ऐसे में आपकी शहादत के सिलसिले में आयोजित होने वाला यह अदबी मुसालमा अक़ीदत के साथ-साथ शायरी के माध्यम से आपके फ़ज़ाइल और मनाक़िब पेश करने का अवसर भी होगा।

विज्ञापन

15 नवंबर को होगा मुसालमा-ए-फ़ातिमिया

बज़्म-ए-जवानान-ए-अदब के मुताबिक़ यह कार्यक्रम रविवार, 15 नवंबर 2026 को रात 9 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का स्थान रौज़ा-ए-फ़ातिमैन, नज़दीक़ मोहम्मदी मस्जिद, लखनऊ बताया गया है।

मुसालमा में क़ारी जनाब फ़ुरक़ान साहब तिलावत करेंगे, जबकि जनाब मुन्तज़र आबिदी साहब निज़ामत के फ़राइज़ अंजाम देंगे। जबकि ख़िताबत के फ़्ररायज़ ज़ाकिर-ए- अहलेबैत जनाब मु’जिज़ अब्बास साहब अंजाम देंगे।

इस मुसालमे के लिए मिसरा-ए-तरह जनाब सुल्तान सुरूर साहब की ओर से दिया गया है:

“उम्मत-ए-मुर्सल पा कीजे मेहरबानी फ़ातिमा”

इसमें क़वाफ़ी के तौर पर मेहरबानी, कहानी वग़ैरह का ज़िक्र है, जबकि रदीफ़ ‘फ़ातिमा’ रखी गई है। तमाम शायरों से गुज़ारिश की गई है कि वे इस मिसरे पर एक क़तआ और अपने मुन्तख़ब कलाम के पांच अशआर के साथ महफ़िल में शिरकत करें।

कमेटी की ओर से उम्मीद की जा रही है कि इस आयोजन में अदब और शायरी से दिलचस्पी रखने वाले लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

उर्दू अदब की रवायत को आगे बढ़ाने में ऐसी महफ़िलों की अहमियत इसलिए भी है कि इनके ज़रिये नई पीढ़ी को अपनी ज़बान, शायरी और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। लखनऊ की पहचान मर्सिये और शायरी की जिस समृद्ध परंपरा से बनी है, उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने में नौजवानों की ऐसी अदबी कोशिशें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। दिल्ली और हैदराबाद जैसे शहरों की तरह लखनऊ भी उर्दू अदब के प्रमुख केंद्रों में शामिल रहा है।

विज्ञापन
↑