लखनऊ,संवाददाता | राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में बसपा के छह विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर बसपा प्रमुख मायावती भाजपा के इशारे पर बयानबाजी कर रही हैं।
अपने संदेश में अशोक गहलोत ने कहा कि बीजेपी ने टीडीपी के चार सांसदों को राज्यसभा के अंदर रातों रात मर्जर करवा दिया,
क्या वो सही है ? राजस्थान में बीएसपी के 6 विधायक कांग्रेस में मर्जर कर गए तो कैसे गलत है ? उन्होंने कहा कि बीजेपी का चाल-चरित्र-चेहरा कहां गया, मैं पूछना चाहता हूं? राज्यसभा में मर्जर हो वो सही है और यहां मर्जर हो वो गलत है?
अशोक गहलोत ने मायावती पर आरोप लगते हुए कहा कि बहनजी को बीजेपी ने आगे कर रखा है और उन्हीं के इशारे पर वो बयानबाजी कर रही हैं। बीजेपी जिस प्रकार से सीबीआई-ईडी-इनकम टैक्स का दुरुपयोग कर रही है, सबको डरा रही है, धमका रही है, राजस्थान में क्या हो रहा है, सबको मालूम है, ऐसा तमाशा कभी नहीं देखा ।उन्होंने मायावती पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे उनसे डर रही हैं और मजबूरी में बयान दे रही हैं।






