HomePOLITICSपांचवें चरण के सात राज्यों की 51 सीटों पर 60 प्रतिशत हुआ...

पांचवें चरण के सात राज्यों की 51 सीटों पर 60 प्रतिशत हुआ मतदान

कहीं चले ग्रेनेट ,तो कहीं लगाया गया जबरन वोट डलवाने का आरोप

लखनऊ (संवाददाता)। पांचवें चरण के लिए आज सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ | पांचवें चरण में 60% मतदान हुआ जबकि सबसे ज्यादा प. बंगाल में 74% मतदान हुआ। इसके अलावा मध्यप्रदेश में करीब 63% और राजस्थान में 59% वोट पड़े हैं। झारखंड में भी 63% से ज्यादा मतदान हुआ है।आज जिन सीटों पर वोटिंग हुई उन में करीब 8 करोड़ 75 लाख मतदाता हैं। 674 उम्मीदवार हैं।
पांचवें चरण में मतदाताओं की कहीं ज़बरदस्त मत का प्रयोग करने में रूचि देखने को मिली तो कहीं मतदाताओं पर कड़ी धूप ने ज़बरदस्त असर किया और मतदाताओं ने कोई ख़ास रूचि नहीं दिखाई |

इस पांचवें चरण के मतदान में कई बड़े दिग्गज नेताओं की किस्मत का दांव लगा हुआ है । रायबरेली सीट से यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी,अमेठी सीट से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, लखनऊ से गृहमंत्री राजनाथ सिंह, और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के नाम शामिल हैं।
पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14, राजस्थान की 12, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की सात-सात, बिहार की पांच और झारखंड की चार सीटों के लिए मतदान हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में लद्दाख सीट एवं अनंतनाग सीट के लिए भी पुलवामा और शोपियां जिले में वोट डाले गए।
रांची में क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धौनी ने परिवार संग मतदान किया है। धौनी ने रांची के जवाहर विद्या मंदिर स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर वोट डाला है। वोटिंग के दौरान धौनी संग पत्नी साक्षी और उनकी मां भी मौजूद रही।
केन्द्रीय मंत्री व हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार जयंत सिन्हा ने पोलिंग बूथ के बाहर लगी लंबी कतार में खड़े होकर वोट डाला है। झारखंड की हजारीबाग लोकसभा सीट से जयंत सिन्हा के खिलाफ कांग्रेस से गोपाल साहू और सीपीआइ से भुवनेश्वर प्रसाद मेहता चुनावी मैदान में हैं।
लखनऊ में बसपा सुप्रीमों मायावती ने सिटी मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज में पोलिंग बूथ पर वोट डाला|
केन्द्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर पत्नी गायत्री राठौर संग मतदान केन्द्र पहुंचे। राज्यवर्धन सिंह राठौर जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं।
झारखंड के हजारीबाग में पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा अपनी पत्नी नीलिमा सिन्हा संग मतदान केन्द्र पहुंचे। बता दें कि यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा केन्द्र सरकार में मंत्री हैं और हजारीबाग लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं।
प. बंगाल में लगातार पांचवें चरण में भी हिंसा की घटनाएं सामने आईं। पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। यहां से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि मुझ पर टीएमसी के गुंडों ने हमला किया। इन गुंडों को बाहर से लाया गया था। ये लोग वोटरों को डरा रहे हैं। मैं भी घायल हो गया हूं।इस बयान के बाद भाजपा ने यहां दोबारा मतदान कराने की मांग की।
उधर आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में पुलवामा के रोहमू पोलिंग बूथ पर वोटिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ग्रेनेड फेंककर दहशत फैला दी। हालांकि, इसमें किसी के घायल होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है । बताते चलें ,पुलवामा अनंतनाग लोकसभा सीट में आता है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती समेत 18 उम्मीदवार मैदान में हैं।
अमेठी में भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। ईरानी ने कहा कि मैंने प्रशासन और चुनाव आयोग को अलर्ट करते हुए ट्वीट किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Must Read